Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » गीले कचरे से जैविक खाद बनाने को पालिका ने किया कंटेनर का वितरण

गीले कचरे से जैविक खाद बनाने को पालिका ने किया कंटेनर का वितरण

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


शहर को गारबेज फ्री सिटी बनाने के लिए नगर पालिका के द्वारा विभिन्न प्रयास किए जा रहे है। अब नगर पालिका ने कचरा मुक्त शहर के संकल्प के लिए होम कम्पोस्टिंग अभियान शुरू किया है। इस विशेष अभियान के लिए चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने कम्पनी बाग में नागरिकों को कचरे से खाद बनाने के कंटेनर का वितरण किया है।
स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत स्वच्छ शहर की परिकल्पना को सार्थक बनाने के लिए कूड़े के निस्तारण की होम कम्पोस्टिंग विशेष योजना को प्रारम्भ किया। गुरुवार को कंपनी बाग में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान चेयरपर्सन, ईओ और सभासदों के साथ नागरिकों को होम कम्पोस्टिंग के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए प्लास्टिक के कंटेनर वितरित किए गए। इनमें रसोई से निकलने वाला गीला कचरा एकत्र कर उसे खाद में परिवर्तित किया जाएगा। बताया गया इनमें फल और सब्जियों के छिलके, चाय की पत्ती, सड़ा-गला अनाज, खराब फल-सब्जियां आदि डाले जा सकते हैं। निचले हिस्से में एक टोंटी लगाई गई है, जिसे सप्ताह में दो से तीन बार खोलकर निकलने वाले तरल को किसी बोतल में भरकर पुन: उसी पात्र में डालना होगा। यह तरल कचरे के शीघ्र अपघटन में सहायक होगा। लगभग 30 से 45 दिनों के भीतर गीला कचरा सूखकर जैविक खाद में बदल जाएगा और नीचे तरल खाद भी उपलब्ध होगी। तैयार खाद का उपयोग घरों में लगे पौधों और बगीचों में किया जा सकेगा। अतिरिक्त खाद को बेचकर नागरिक अतिरिक्त आय भी अर्जित कर सकेंगे। मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि शहर को कचरा मुक्त बनाना केवल पालिका प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। अभी पांच हजार विशेष कंटेनर खरीदे गये हैं। प्रत्येक वार्ड में 100-100 कंटेनर हम सभासदों के माध्यम से अभी वितरित किया जा रहा है। करीब 10 हजार कंटेनर खरीदने की प्रक्रिया चल रही है। कूड़ा डलावघर से मुक्त वार्ड 49 के सभासद मनोज वर्मा की विशेष सराहना की गई। इसके अलावा होम कम्पोस्टिंग को अपनाने वाले नागरिकों को स्वच्छता योद्धा के रूप में भी प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान सभासद मनोज वर्मा, नवनीत शर्मा, प्रशांत गौतम, शौकत अंसारी, अमित पटपटिया, शहजाद चीकू, आदिल मलिक, नौशाद पहलवान, सतीश कुकरेजा, शोभित गुप्ता, शाहिद आलम, मौ. सलीम, प्रमोद अंबेडकर, ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह, एनएसए डॉ. अजय प्रताप शाही, सीएसएफआई योगेश कुमार, एसएफआई प्लाक्षा मैनवाल, वैशाली सोती, लिपिक एसबीएम रूचि शर्मा, लिपिक संदीप यादव, वाटिका सुपरवाईजर दुष्यंत सिंह आदि मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल