मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

नगर पालिका के शिकमी किदायेदारों की तीन दशक पुरानी समस्या के समाधान के लिए चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने कमिश्नर डा. रूपेश कुमार से मुलाकात की। चेयरपर्सन ने कमिश्नर को नगर पालिका की 17 मार्किट में व्यापार कर रहे करीब 500 दुकानदारों की समस्या को उनके समक्ष रखा। कमिश्नर ने चेयरपर्सन को शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया है।
पालिका विभिन्न मार्किट में लंबे समय से लंबित दुकानदारों के 15 वर्षीय किरायेदारी, वारिसान प्रकरण तथा शिकमी किरायेदारी से जुड़े मामलों के समाधान के लिए चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने विशेष कदम उठाया है। लगभग 17 मार्किट के 500 से अधिक दुकानदार वर्षों से अनिश्चितता की स्थिति में कार्य कर रहे हैं। पहली बार किसी पालिका अध्यक्ष ने इन जटिल मामलों को उच्च प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाया है। चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप और वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप ने सोमवार को समस्त नगरपालिका मार्किट एसोसिएशन के पदाधिकारियों और पालिका की कार्यवाहक कर अधिकारी पारूल यादव को साथ लेकर सहारनपुर मंडल आयुक्त डॉ. रूपेश कुमार से उनके कार्यालय में मुलाकात की। बैठक के दौरान मीनाक्षी स्वरूप ने 15 वर्षीय किरायेदारी विवाद, वारिसान मामलों तथा शिकमी किरायेदारों के प्रकरणों के स्थायी समाधान के लिए प्रशासनिक सहयोग का आग्रह किया। विशेष रूप से शिकमी किरायेदारों और वारिसान प्रकरणों में पालिका प्रशासन के स्तर पर नए अनुबंध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया, ताकि वर्षों से लंबित फाइलों को निस्तारित किया जा सके। इसके अतिरिक्त 15 वर्षीय किरायेदारी विवाद में स्पष्ट और सुलभ प्रक्रिया तय करने के लिए मार्गदर्शन भी मांगा गया। इस दौरान समस्त पालिका मार्किट एसोसिएशन के संयोजग विरेन्द्र अरोरा, अध्यक्ष शिशुकांत गर्ग, महामंत्री भानु प्रताप अरोरा, डॉ. कैलाश अरोरा, राजेश नारंग, आनन्द प्रकाश, राजेश जुनेजा, जसप्रीत सिंह सहित अन्य पालिका मार्किट दुकानदार मौजूद रहे।







