मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


शहर के शाहबुद्दीनपुर रोड पर नगर पालिका के द्वारा बनाया जा रहा नाला लीकेज हो गया। गुस्साए लोगों ने नाला निर्माण में खराब माल लगाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। हंगामें की जानकारी मिलने पर चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप, ईओ डा. प्रज्ञा सिंह और एई निर्माण नेपाल सिंह मौके पर पहुंचे। चेयरपर्सन ने निरीक्षण किया तो निर्माणाधीन नाला दो स्थानों पर लीकेज मिला है। चेयरपर्सन ने स्थानीय लोगों से वार्ता की। वहीं ठेकेदार को गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए है।
शहर के शाहबुद्दीनपुर रोड पर नगर पालिका के द्वारा करीब 60 लाख की धनराशि से नाला निर्माण कार्य कराया जा रहा है। यह नाला वार्ड संख्या 15 व 21 में बन रहा है। नगर पालिका के द्वारा करीब 900 मीटर नाले का निर्माण कराया जाना है। करीब 500 मीटर नाला निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। नाला निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे है। नाला निर्माण में खराब माल का प्रयोग होने के कारण वह लीकेज हो गया। गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा किया। गुस्साएं लोगों ने कहा कि नाला निर्माण में ठेकेदार के द्वारा खराब माल का प्रयोग किया जा रहा है। जिस कारण नाला लीकेज हो गया है। उन्होंने कहा कि पालिका के अधिकारियों का भी इस ओर कोई विशेष ध्यान नहीं है। सूचना मिलने पर चेयरपर्सन, ईओ, एई मौके पर पहुंचे। चेयरपर्सन ने ठेकेदार को मौके पर ही सख्त हिदायत दी और स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण सामग्री मानकों के अनुरूप ही प्रयोग की जाए। लीकेज की समस्या को तत्काल दूर किया जाए।







