मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

शहर के वार्ड संख्या 33 में हो रहे नाला निर्माण में काफी अनयमितता और खामियां प्रकाश में आयी है। यहां पर जल निकासी व्यवस्था, निर्माण तकनीक और सामग्री की गुणवत्ता में गंभीर खामियां मिली है। इस मामले में चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने कार्रवाई करते हुए जेई कपिल कुमार को तीन वार्डों के कार्यों से हटा दिया है। वहीं स्पष्टीकरण मांगा है। उधर ठेकेदार के वेतन पर भी रोक लगा दी है।
वार्ड संख्या 33 की महिला सभासद सीमा जैन ने पिछले दिनों पत्र लिखकर राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल और चेयरपर्सन मिनाक्षी स्वरूप से शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि रजवाहा रोड पर श्मशान घाट के से बालाजी मंदिर मार्ग चौराहे तक किए जा रहे नाला निर्माण में काफी अनियमितता और खामियां है। चेयरपर्सन मिनाक्षी स्वरूप द्वारा 17 दिसंबर मौके पर पहुंच कर निरीक्षण किया है। उन्होंने निरीक्षण में पाया गया कि मंडी समिति राजवाहा रोड पर निर्माण विभाग द्वारा सड़क किनारे सौंदर्यीकरण के लिए साइड पटरी का निर्माण कराया गया, लेकिन जल निकासी के लिए किसी प्रकार की समुचित नाली या नाले की व्यवस्था नहीं की गई है। पुराने नाले को बंद कर उस पर निर्माण कर दिया गया है, जिससे भविष्य में वर्षा के दौरान सड़क पर जलभराव की स्थिति बन सकती है। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं पाई गई। उन्होंने जेई कपिल कुमार को वार्ड संख्या 33, 49 और 25 के सभी निर्माण कार्यों से मुक्त कर दिया गया है। इन वार्डों के निर्माण कार्यों की जिम्मेदारी दूसरे अवर अभियंता राजीव कुमार सोनकर को सौंपी गई है। मामले की जांच पूरी होने तक संबंधित ठेकेदार या फर्म के किसी भी प्रकार के भुगतान पर रोक लगा दी गई है।







