Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » कम्पनी बाग पहुंच कर चेयरपर्सन ने किया 83 लाख की पॉकलेन जेसीबी मशीन का शुभारंभ

कम्पनी बाग पहुंच कर चेयरपर्सन ने किया 83 लाख की पॉकलेन जेसीबी मशीन का शुभारंभ

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

बुधवार को चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने पॉकलेन जेसीबी मशीन का उद्घाटन कर इसे जनहित में स्वास्थ्य विभाग को सौंपा है। उन्होंने कमला नेहरू वाटिका पहुंचकर वहां पर चल रहे विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था और बागवानी गतिविधियों का विस्तृत निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने बुधवार को कमला नेहरू वाटिका में नई आधुनिक पॉकलेन जेसीबी मशीन का शुभारंभ किया। यह मशीन 15वें वित्त आयोग के तहत 83 लाख रुपये की लागत से खरीदी गई है। मशीन को औपचारिक रूप से स्वास्थ्य विभाग को सौंपते हुए पालिका अध्यक्ष ने इसे शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। मीनाक्षी स्वरूप ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नई पॉकलेन मशीन को किदवईनगर स्थित पालिका के डंपिंग ग्राउंड पर लीगेसी वेस्ट के निस्तारण में तुरंत लगाया जाए। ताकि इस प्रक्रिया में तेजी आ सके। उन्होंने कहा कि मशीन के उपयोग से कचरे की प्रोसेसिंग गति में वृद्धि होगी और शहर को कचरा मुक्त बनाने के प्रयासों को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कमला नेहरू वाटिका में भ्रमण करते हुए स्वच्छता, बागवानी और चल रहे निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताई और संबंधित कर्मचारियों को सख्त चेतावनी देते हुए सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने आठ सीटों वाले आधुनिक सार्वजनिक शौचालय के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। कमला नेहरू वाटिका में करीब सवा दो करोड़ रुपये की लागत से सीएंडडीएस कार्यदायी संस्था द्वारा विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इनमें पाथवे, छोटी नहर, आकर्षक बागवानी, बैठने की व्यवस्था, पार्क का सौंदर्यीकरण और अन्य संरचनात्मक विकास शामिल हैं। इस दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय प्रताप शाही, सीएसएफआई योगेश गोलियान, एसएफआई प्लाक्षा मैनवाल, वैशाली सोती, वाटिका सुपरवाईजर दुष्यंत कुमार, लिपिक एसबीएम रूचि शर्मा, मौहम्मद सालिम सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल