मुजफ्फरनगर। हिंदुस्तान सिटी न्यूज

शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, जलभराव की समस्या का समाधान करने और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार, कपिल देव के निरंतर प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। मुज़फ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए) द्वारा भेजे गए तीन महत्वपूर्ण विकास प्रस्तावों को शासन से स्वीकृति मिल गई है। इन परियोजनाओं पर कुल 16 करोड़ 74 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे।*

*नगर विधायक एवं मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जल निकासी की समस्या को गंभीरता से लेते हुए शासन एवं संबंधित अधिकारियों के समक्ष इस विषय को प्रमुखता से उठाया था। उनके प्रयासों से तैयार प्रस्तावों को स्वीकृति मिलने के बाद अब इन क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ सड़क निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों का मार्ग प्रशस्त हुआ है।*
तीनों स्वीकृत परियोजनाओं का विवरण इस प्रकार है—
1. जानसठ रोड से कूकड़ा क्षेत्र तक जल निकासी व्यवस्था — ₹10.20 करोड़
जानसठ रोड से सहावली की ओर जाने वाले मार्ग पर लगभग 500 मीटर लंबे नाले को कवर्ड करते हुए निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही जानसठ रोड से कूकड़ा की ओर पूर्व निर्मित आरसीसी नाले तक लगभग 500 मीटर अतिरिक्त आरसीसी नाले का निर्माण कर उसे जोड़ा जाएगा। इस प्रकार कुल लगभग 1,000 मीटर आरसीसी नाले की व्यवस्था विकसित की जाएगी। इससे घनी आबादी के पानी की निकासी बेहतर होगी और नाले को कवर्ड कर सड़क निर्माण से आवागमन की सुविधा भी बढ़ेगी।
2. जीसी पब्लिक स्कूल से गांधी नगर पुलिया तक नाले का निर्माण — ₹4.51 करोड़
घनी आबादी के पानी की निकासी के लिए जीसी पब्लिक स्कूल से गांधी नगर की पुलिया तक लगभग 800 मीटर लंबे बड़े आरसीसी नाले का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना से क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी और स्थानीय निवासियों को जलभराव की समस्या से राहत मिलने में मदद मिलेगी।
*मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा, मुज़फ्फरनगर का सुनियोजित विकास, जलभराव की समस्या का समाधान और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। शहर के जिन क्षेत्रों में जल निकासी की समस्या के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, वहां स्थायी समाधान की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लगभग 16.74 करोड़ रुपये की इन तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति मिलना मुज़फ्फरनगर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारा प्रयास है कि इन कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए, ताकि आम नागरिकों को सीधा लाभ मिले। विकास कार्यों में गुणवत्ता और जनहित से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।*
*उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के मार्गदर्शन में मुज़फ्फरनगर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, बेहतर सड़क व्यवस्था, जल निकासी और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। विकास योजनाओं का उद्देश्य केवल निर्माण कराना नहीं, बल्कि आमजन के जीवन को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाना है।*
*मुज़फ्फरनगर विकास प्राधिकरण के माध्यम से स्वीकृत ये परियोजनाएं शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने, घनी आबादी वाले क्षेत्रों में जलभराव की समस्या कम करने तथा सड़क एवं सार्वजनिक स्थलों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। मंत्री कपिल देव अग्रवाल के प्रयासों से मिली इस स्वीकृति को शहर के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।*






