मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या की गणना के सफल, सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन तथा आमजन को जनगणना के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ⁄ जिला जनगणना अधिकारी श्री गम्भीर सिंह की अध्यक्षता में समस्त उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं अधिशासी अधिकारियों/चार्ज अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी गम्भीर सिंह ने जनगणना-2027 के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष बल देते हुए निर्देशित किया कि सभी उप जिलाधिकारी एवं चार्ज अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों तथा अधीनस्थ कार्यालयों में जनगणना से संबंधित पोस्टर, फ्लेक्स एवं अन्य प्रचार सामग्री अनिवार्य रूप से लगवाना सुनिश्चित करें, ताकि कार्यालयों में आने वाले आमजन को जनगणना के महत्व एवं इससे संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त हो सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि शासकीय वाहनों तथा कूड़ा संग्रहण वाहनों के माध्यम से वायस ओवर द्वारा जनगणना संबंधी जिंगल्स का प्रसारण कराया जाए, जिससे जनपद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जनजागरूकता सुनिश्चित की जा सके।
”स्व-गणना के प्रचार-प्रसार की समीक्षा करते हुए“ अपर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी उप जिलाधिकारी एवं चार्ज अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख एवं महत्वपूर्ण व्यक्तियों की सूची तैयार करें तथा उनसे स्व-गणना कराना सुनिश्चित करें। साथ ही, इन व्यक्तियों के माध्यम से आमजन को जनगणना के प्रति जागरूक करने के लिए वीडियो संदेश भी प्रसारित कराए जाएं, जिससे अधिक से अधिक नागरिक जनगणना की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता कर सकें।
अपर जिलाधिकारी ने जनगणना संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए निर्देश दिए कि प्रत्येक चार्ज कार्यालय तथा जिला जनगणना सेल में शिकायत पंजिका तैयार की जाए। इसके अतिरिक्त, सभी चार्ज अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में कंट्रोल रूम स्थापित कर उसका मोबाइल नंबर अथवा टोल-फ्री नंबर आमजन के लिए जारी करें। कंट्रोल रूम पर प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत को शिकायत पंजिका में दर्ज करते हुए उसका तत्काल एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनगणना कार्य के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जा सके।
”प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण की तैयारियों“ की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि प्रशिक्षण हेतु उपयुक्त स्थलों का चयन समय से कर लिया जाए। प्रशिक्षण स्थलों पर स्मार्ट क्लास, माइक एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभावी ढंग से संचालित हो सकें। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन एवं जलपान की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
अपर जिलाधिकारी श्री गम्भीर सिंह ने कहा कि ”जनगणना-2027 एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है“, जिसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े भविष्य की योजनाओं एवं विकास संबंधी नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अतः सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का दायित्व है कि वे सौंपे गए दायित्वों का निष्ठा, लगन एवं पूर्ण उत्तरदायित्व के साथ निर्वहन करें। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए जनगणना की तैयारियों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त तहसीलदार, समस्त अधिशासी अधिकारी तथा जनगणना निदेशालय के जनगणना प्रभारी गौरव गुंजन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: हिंदुस्तान सिटी न्यूज़
Post Views: 128






