मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने सात कर्मचारियों के विभागों में फेरबदल करते हुए उनके पटलों को बदला है। इसमें लिपिक, सुपरवाइजर और अनुचर आदि शामिल हैं। इस संबंध में संशोधित आदेश जारी किया गया है। चेयरपर्सन के आदेश प्राप्त होने पर संबंधित कर्मचारियों ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है।
नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज में तैनात लिपिक मोहन कुमार का स्थानांतरण कर विभाग में सुनील कुमार के स्थान पर किया गया है। यहां से लिपिक सुनील कुमार को स्वास्थ्य विभाग में आकाशदीप लिपिक के स्थान पर भेजा गया है, वो वहां पर हल्का पांच के अधिष्ठान के साथ ही एसबीएम के कार्य देखेंगे, वहीं स्वास्थ्य विभाग में तैनात लिपिक आकाशदीप का स्थानांतरण नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज में मोहन कुमार के स्थान पर किया गया है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग से लिपिक विवेक कुमार का स्थानांतरण लेखा विभाग में सुपरवाइजर नदीम खान के स्थान पर किया गया है। नदीम खान को स्वास्थ्य विभाग में विवेक कुमार के स्थान पर तैनात किया गया है।
वहीं अनुचर स्तर पर भी बदलाव किया गया है। कमला नेहरू वाटिका में तैनात मौ. सालिम अनुचर का स्थानांतरण अभिलेखागार में किया गया है। वहीं अभिलेखागार में तैनात रिहान अनुचर को जलकल विभाग में स्थानांतरित किया गया है। एक डिफाल्टर कर्मचारी को महत्वपूर्ण पटल देने पर नगर पालिका में विभिन्न तरह की चर्चाएं हो रही है।







