मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

विकास भवन सभागार में राज्य सूचना आयोग के राज्य सूचना आयुक्त मोहम्मद नदीम की अध्यक्षता में जन सूचना अधिकार अधिनियम की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य सूचना आयुक्त ने लंबित आवेदनों की स्थिति और उनके त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण की समीक्षा की। वहीं बैठक में अनुपस्थित रहे बीएसए और जिला समाज कल्याण अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के लिए आयुक्त ने सीडीओ से कहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अधिनियम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को समयबद्ध तरीके से सूचनाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमों का भली-भांति अध्ययन करें और आवेदकों को समय पर सही जानकारी दें, ताकि उन्हें आयोग तक न जाना पड़े। उन्होंने बताया कि जनपद में 162 मामले वर्तमान में लंबित हैं। आयुक्त ने निर्देश दिए कि इनका शीघ्र निस्तारण किया जाए और कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। बैठक में बीएसए संदीप कुमार और जिला समाज कल्याण अधिकारी कमलेश कुमार अनुपस्थित रहे। उनकी अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने सीडीओ को कारण बताओ नोटिस जारी कर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए है। राज्य सूचना आयुक्त ने कहा कि पारदर्शी प्रशासन के लिए जनसूचना का अधिकार महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे अधिनियम के प्रावधानों का अध्ययन कर समयबद्ध तरीके से सूचनाएं उपलब्ध कराएं। बैठक में एडीएम प्रशासन देश दीपक सिंह, नगर मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल, एडीए सचिव कुंवर बहादुर सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. जितेन्द्र गुप्ता आदि मौजूद रहे।







